Hon’ble State Minister Visit 10 April 2026

माननीय राज्य मंत्री द्वारा मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय का निरीक्षण

मेरठ, दिनांक 10 अप्रैल 2026

उत्तर प्रदेश सरकार के माननीय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार), खेल एवं युवा कल्याण विभाग, गिरीश चंद्र यादव द्वारा 10 अप्रैल 2026 को मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय के सलावा स्थित निर्माणाधीन परिसर का निरीक्षण एवं भ्रमण किया गया।

निरीक्षण के दौरान सचिव खेल सुहास एल.वाई, कुलपति मेजर जनरल दीप अहलावत, मुख्य अभियंता (पी0एम0जे0एस0वाई0), कुलसचिव श्री सुनील कुमार झा, अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग, संयुक्त निदेशक (योजना अनुश्रवण एवं मूल्य प्रबंधन प्रभाग, राज्य नियोजन संस्थान) कार्यदायी संस्था दीपांशु मोटर्स, झारखंड के प्रबंध निदेशक संजय सिंह, तथा अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के प्रारंभ में विश्वविद्यालय के कुलपति मेजर जनरल दीप अहलावत द्वारा माननीय मंत्री जी का स्वागत किया गया। तत्पश्चात माननीय मंत्री जी ने पूरे परिसर का स्थलीय निरीक्षण करते हुए विभिन्न निर्माणाधीन इकाइयों का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने प्रशासनिक भवन, गर्ल्स हॉस्टल, ट्रिपल सिटर टाइप-3 आवास में  सैंपल फ्लैट का, हेल्थ सेंटर आदि का भ्रमण किया. माननीय मंत्री जी के द्वारा गंग नहर की सीपेज समस्या को दूर करने हेतु पॉकेट-2 में छिद्रित पाइप के साथ नाली निर्माण कार्य का भी निरीक्षण किया गया । माननीय मंत्री जी द्वारा इनडोर काम्प्लेक्स भवन में कुछ परिवर्तन सम्बन्धी सुझाव भी दिए. उन्होंने कार्यों की गुणवत्ता, समयबद्धता एवं संसाधनों के उपयोग का गहन अवलोकन किया तथा संबंधित अधिकारियों से आवश्यक जानकारी प्राप्त की।

             इसके उपरांत कुलपति महोदय द्वारा निर्माण कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता तथा अब तक की उपलब्धियों पर विस्तृत प्रस्तुतीकरण किया गया. प्रस्तुतीकरण में विश्वविद्यालय के निर्माण कार्यों की प्रगति के साथ विश्वविद्यालय द्वारा  प्राप्त की गयी प्रशास्निक एवं शैक्षणिक  उपलब्धियों को विस्तारपूर्वक बताया गया.

माननीय मंत्री जी ने निर्माण कार्यों को निर्धारित समय-सीमा, अर्थात 31 मई 2026 तक पूर्ण करने के लिए मजदूरों की संख्या तत्काल बढ़ाने, कार्य को दो पालियों में चलाते हुए कार्य की गति बढ़ाने तथा गुणवत्ता के उच्च मानकों को बनाए रखने पर विशेष बल दिया।

माननीय मंत्री जी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि परियोजना के प्रत्येक चरण की नियमित एवं प्रभावी निगरानी सुनिश्चित की जाए, जिससे निर्माण कार्य समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से संपन्न हो सके। उन्होंने कहा कि यह विश्वविद्यालय प्रदेश के खेल प्रतिभाओं के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा और राज्य को खेल के क्षेत्र में नई पहचान दिलाएगा।